विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गंभीर अनियमितता सामने आने पर सहकारिता विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्या. पटना, पंजीयन क्रमांक 540 (थान उपार्जन केंद्र) में धान खरीदी कार्य में घोर लापरवाही पाए जाने पर धान खरीदी प्रभारी नरेन्द्र कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई सहकारिता एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा दिनांक 15 जनवरी 2026 को किए गए निरीक्षण एवं जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। जांच में छत्तीसगढ़ शासन, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी धान खरीदी नीति के उल्लंघन की पुष्टि हुई है।
कार्यालय सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, बैकुंठपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में नरेन्द्र कुमार शर्मा का मुख्यालय कार्यालय सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, कोरिया निर्धारित किया गया है। साथ ही निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रेखा जायसवाल, वर्तमान में लिपिक पद पर कार्यरत को धान खरीदी प्रभारी के रूप में अधिकृत किया गया है तथा निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल समस्त प्रभार ग्रहण कर धान खरीदी कार्य का संचालन सुनिश्चित करें।
सहकारिता विभाग ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई की जायेगा।

0 टिप्पणियाँ