कोरिया जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मझगवां के मंडलपारा क्षेत्र में सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत द्वारा स्वीकृत प्रस्तावित मार्ग को छोड़कर नहर की बैंक पर जबरन सड़क निर्माण का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सरपंच द्वारा व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नहर की भीट पर सीसी सड़क बनाने की कोशिश की जा रही है, जबकि ग्राम पंचायत की प्रस्तावित भूमि पर सड़क निर्माण किया जाना था। इतना ही नहीं, प्रस्तावित सड़क की भूमि को खोदकर खेत में तब्दील कर खेती का कार्य किया जा रहा है, जिससे भविष्य में गंभीर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर कोरिया को दिनांक 08 जनवरी 2026 को ज्ञापन सौंपते हुए नहर की बैंक पर हो रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य को तत्काल रोकने और पंचायत द्वारा प्रस्तावित मार्ग पर ही सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नहर की बैंक पर सड़क निर्माण किया गया तो इससे न सिर्फ नियमों का उल्लंघन होगा, बल्कि गांव में आपसी विवाद भी बढ़ सकता है। अब सभी की निगाहें प्रशासन के निर्णय पर टिकी हुई हैं।

0 टिप्पणियाँ