विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर से अंबिकापुर के मध्य में रेलवे लाइन की डबल पटरी निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोबरी नदी के पास पुल निर्माण स्थल पर पाइपलाइन लगाने के लिए गड्ढे में उतरे दो मजदूरों पर अचानक मिट्टी खिसक गई। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य मजदूरों की मदद से मिट्टी हटाकर घायल मजदूर को बाहर निकाला गया और तत्काल उसे एस.आर. प्राइवेट अस्पताल, सूरजपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार घायल मजदूर का इलाज ठेकेदार की ओर से निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
हादसे के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर निर्माण कार्य तत्काल रोक दिया गया है। घटना की सूचना संबंधित रेलवे अधिकारियों और प्रशासन को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि अंबिकापुर से बैकुंठपुर रोड रेलवे स्टेशन तक दोहरी पटरी लाइन का कार्य बिना पर्याप्त सुरक्षा किट और सुरक्षा इंतजामों के मजदूरों से कराया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
फिलहाल प्रशासन और रेलवे विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

0 टिप्पणियाँ