कोरिया जिले के ग्राम पंचायत तलवापारा में रविवार 25 जनवरी 2026 को आयोजित ग्राम सभा अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते विवादों में घिर गई। ग्राम सभा का समय दोपहर 1 बजे तय था, लेकिन सरपंच देवीदयाल सिंह और पंचायत सचिव बृजेश साहू करीब एक घंटे देरी से पहुंचे, जिससे कई ग्रामीण वापस लौट गए।
ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों और पंचों ने 15वें वित्त आयोग और मूलभूत मद की राशि के दुरुपयोग के आरोप लगाए। उनका कहना है कि पंचायत कार्यों और भुगतान की कोई जानकारी साझा नहीं की जाती और पारदर्शिता पूरी तरह से नदारद है। पंचायत भवन लंबे समय बाद खुलने और उसी दिन ग्राम सभा बुलाए जाने से भी ग्रामीणों में नाराजगी रही। इन्हीं कारणों से ग्रामीणों ने ग्राम सभा का बहिष्कार किया।
वहीं सरपंच देवीदयाल सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सभी भुगतान नियमानुसार किए गए हैं। पंचायत सचिव ने इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे ।


0 टिप्पणियाँ