संघ के अध्यक्ष पद को लेकर घमासान, विवादित बाबू को आगे बढ़ाने की तैयारी


 विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

कोरिया।

छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, कोरिया जिला इकाई के अध्यक्ष का कार्यकाल 31 जनवरी को समाप्त हो रहा है। वर्तमान अध्यक्ष के सेवानिवृत्त होने के साथ ही संगठन में नए अध्यक्ष के चयन को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच एक बाबू को जिला अध्यक्ष बनाए जाने की तैयारी ने संघ के भीतर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार उक्त बाबू पर पूर्व में कई बार भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं। इन्हीं आरोपों के चलते उसे जिला अस्पताल से हटाकर जिला पंचायत में संलग्न किया गया था। अब वह दोबारा जिला अस्पताल में प्रभाव बनाए रखने और किसी भी संभावित कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से स्वयं को संघ का जिला अध्यक्ष बनवाने की कोशिशों में जुटा हुआ है।

सूत्रों का कहना है कि बाबू का मकसद अध्यक्ष पद की आड़ में प्रशासनिक संरक्षण हासिल करना है, ताकि उस पर लंबित या भविष्य में होने वाली जांच और कार्रवाई से बचा जा सके। इस पूरे घटनाक्रम से संघ के ईमानदार कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। कई कर्मचारियों का मानना है कि यदि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे व्यक्ति को संगठन की कमान सौंपी गई, तो इससे संघ की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचेगा।

वहीं, इस मामले को लेकर संघ के भीतर ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। कर्मचारियों की मांग है कि अध्यक्ष पद के लिए निष्पक्ष, स्वच्छ छवि और सेवा के प्रति प्रतिबद्ध व्यक्ति का चयन किया जाए, न कि किसी ऐसे व्यक्ति का, जिस पर पहले से गंभीर आरोप लगे हों।

अब देखना यह होगा कि संघ का नेतृत्व इस विवाद पर क्या रुख अपनाता है और 31 जनवरी के बाद कोरिया जिला इकाई की कमान किसके हाथों में जाती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ