विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर द्वारा मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर की गई तैयारियों में जहां विशेष तत्परता दिखाई गई, वहीं मुख्यमंत्री के लौटते ही व्यवस्थाओं को हटाने में उससे भी अधिक फुर्ती देखने को मिली।
ताजा मामला वार्ड क्रमांक 16 गढ़ेल पारा का है। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर क्षेत्र में दूधिया रोशनी की व्यवस्था करते हुए डबल स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी। लेकिन मुख्यमंत्री के वापस जाते ही संबंधित विभाग द्वारा तत्परता दिखाते हुए उक्त स्ट्रीट लाइट को हटवा दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस वार्ड में मुख्यमंत्री के आगमन से पहले और आगमन के दिन तक तीन बार झाड़ू लगाकर विशेष साफ-सफाई की जा रही थी, वहीं अब तीन दिन बीत जाने के बाद भी एक बार भी नियमित सफाई नहीं करवाई गई है।
क्षेत्रवासियों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व की गई सड़क मरम्मत और दीवारों की पुताई जैसी व्यवस्थाएं भी क्या अस्थायी थीं? क्या उन्हें भी परिषद द्वारा हटाया जाएगा?
नागरिकों का कहना है कि स्वच्छता और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाएं केवल किसी वीआईपी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। आम नागरिकों को भी स्वच्छ और रोशन वातावरण में रहने का समान अधिकार है।
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देती है और नियमित व्यवस्थाएं बहाल करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं


0 टिप्पणियाँ