संलग्नीकरण समाप्त करने के निर्देश, मूल पदस्थापना में लौटेंगे स्वास्थ्यकर्मी

 

विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

स्वास्थ्य सेवाओं के संचालनालय के निर्देश पर सरगुजा संभाग में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के संलग्नीकरण (अटैचमेंट) को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा संभाग अंबिकापुर द्वारा सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षकों को पत्र जारी किया गया है।

जारी निर्देश के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 12 मार्च 2026 को विधानसभा में की गई घोषणा के अनुरूप स्वास्थ्य संस्थाओं में किए गए संलग्नीकरण को समाप्त किया जा रहा है। इसके तहत सभी संभागीय संयुक्त संचालक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक को निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्तर से किए गए सभी संलग्नीकरण आदेशों को निरस्त कर कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थापना पर वापस भेजें।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्तर (कलेक्टर, संभागीय संयुक्त संचालक, सीएमएचओ या अन्य अधिकारी) से किए गए संलग्नीकरण अथवा कार्यव्यवस्था को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए। संबंधित कर्मचारियों की मूल पदस्थापना वाले संस्थान में उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए इसका प्रमाण संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं रायपुर एवं संभागीय कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा संभाग अंबिकापुर द्वारा जारी इस आदेश की प्रति स्वास्थ्य मंत्री के विशेष सहायक, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं रायपुर, आयुक्त सरगुजा संभाग, सभी कलेक्टरों एवं खंड चिकित्सा अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ