चोर को पकड़ने गई पुलिस की बोलेरो लेकर फरार हुआ आरोपी, मोबाइल से ट्रेस कर दबोचा

विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

अम्बिकापुर। शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चोर को पकड़ने गई पुलिस की ही बोलेरो वाहन लेकर एक शातिर आरोपी फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही समय में आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन बरामद कर लिया।जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्तीपारा इलाके में गांजा की रेड के लिए प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे थाना स्टाफ के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर एक शातिर चोर पुलिस की बोलेरो वाहन लेकर फरार हो गया।घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल वाहन की तलाश शुरू की गई। बताया जा रहा है कि बोलेरो में प्रशिक्षु डीएसपी का मोबाइल फोन छूट गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर वाहन तक पहुंच बनाई।पुलिस ने राम मंदिर के पास से बोलेरो वाहन बरामद कर लिया और आरोपी मुकेश नामदेव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बोलेरो वाहन और उसकी चाबी भी जब्त की गई है।यह पूरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ