पटेलपारा वार्ड क्रमांक 05 में पेयजल संकट गहराया, ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई की मांग ।


विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

ब जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मुडीझारिया के वार्ड क्रमांक 05 पटेलपारा के निवासियों ने पेयजल समस्या को लेकर 2 मई 2026 को पंचायत सचिव को आवेदन सौंपा था। ग्रामीणों का आरोप है कि आवेदन दिए जाने के एक माह बाद भी पंचायत द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार वार्ड के सार्वजनिक हैंडपंप में कुछ लोगों द्वारा मोटर पंप लगा दिया गया है। मोटर के माध्यम से पानी खींचे जाने के कारण हैंडपंप से अन्य लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे वार्ड के कई परिवारों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

वार्डवासियों का कहना है कि मोटर चालू रहने के दौरान हैंडपंप से सामान्य रूप से पानी नहीं निकलता, जिसके कारण दैनिक उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। स्थिति यह है कि लोगों को अपनी जरूरत का पानी लाने के लिए लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित दूसरे हैंडपंप का सहारा लेना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक हैंडपंप में लगाए गए मोटर को तत्काल हटाया जाए, ताकि सभी लोगों को समान रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) से भी संपर्क किया था, लेकिन विभाग ने संबंधित हैंडपंप को पंचायत द्वारा खनित बताया और कार्रवाई की जिम्मेदारी पंचायत की बताते हुए मामले से पल्ला झाड़ लिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान स्थिति में न तो पंचायत और न ही संबंधित विभाग उनकी समस्या के निराकरण के लिए गंभीरता दिखा रहा है। ऐसे में वार्डवासियों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर पेयजल संकट का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।


 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ