सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल की डिक्की से 30 हजार रुपये चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल उर्फ हरि निवासी झागरपुर, थाना पत्थरगांव के रूप में हुई है। वहीं मामले का दूसरा आरोपी धर्मेंद्र उर्फ धर्मेंद्र नट अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को बैकुंठपुर के कुमार चौक क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल की डिक्की से अज्ञात आरोपियों ने 30 हजार रुपये निकाल लिए थे और मौके से फरार हो गए थे। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।जांच के दौरान सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल उर्फ हरि को पत्थरगांव क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन उठाईगीरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। वहीं फरार आरोपी धर्मेंद्र नट की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन की डिक्की में नकदी या कीमती सामान रखने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

0 टिप्पणियाँ