विशाल सिंह /कोरिया एक्सप्रेस
जनपद पंचायत बैकुंठपुर के ग्राम पौड़ी में अस्पताल से पुरानी पुलिस चौकी तक हाल ही में निर्मित सीसी सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग दो माह पूर्व निर्मित सड़क कई स्थानों पर उखड़ने और टूटने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, लगभग 7 लाख 80 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस सीसी सड़क का निर्माण कार्य 4 अप्रैल 2026 को पूर्ण हुआ था। लेकिन निर्माण के महज दो माह के भीतर ही सड़क कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क की ऊपरी परत उखड़ने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं कराया गया तो सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो सकती है।
मामले को लेकर ग्राम पौड़ी निवासी विजेंद्रदास मानिकपुरी ने जिला कलेक्टर कोरिया को आवेदन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराने की मांग की है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी गंभीर अनियमितताएं प्रतीत हो रही हैं, जिसकी जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच के उपरांत दोषियों पर कार्रवाई करते हुए जनहित को ध्यान में रखकर क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि सड़क की वर्तमान स्थिति दुर्घटनाओं को भी आमंत्रित कर सकती है


0 टिप्पणियाँ