जामपानी में नवनिर्मित शेड की खुली पोल, पहली बारिश में ही छत से टपकने लगा पानी, गुणवत्ता पर उठे सवाल

विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

बैकुठपुर जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामपानी में लगभग 3 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित शेड पहली ही बारिश में अपनी गुणवत्ता की पोल खोलता नजर आ रहा है। बेमौसम हुई बारिश के दौरान शेड की छत (लेंटर) से पानी टपकने लगा, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान ही इस शेड की गुणवत्ता को लेकर आपत्तियां उठाई गई थीं। स्थानीय लोगों एवं समाचार माध्यमों द्वारा शासन-प्रशासन को समय रहते अवगत कराया गया था कि निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन तरीके से किया जा रहा है। निर्माण में उपयोग की गई ईंटों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे थे, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा मामले की गंभीरता से जांच नहीं की गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार के प्रभाव और रसूख के चलते जिम्मेदार अधिकारियों ने शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया। इसका परिणाम यह हुआ कि निर्माण पूर्ण होने के कुछ समय बाद ही पहली बारिश में शेड की छत से पानी रिसने लगा।

मौके पर ली गई तस्वीरों में भी शेड की छत के किनारों से पानी रिसने के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अभी से ऐसी स्थिति है तो आने वाले समय में भवन की मजबूती और टिकाऊपन पर गंभीर असर पड़ सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ