बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस करेगी जिला विद्युत कार्यालय का घेराव



 छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई वृद्धि और कथित रूप से बढ़ी हुई विद्युत कटौती के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने 17 जून को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित विद्युत कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है।

जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार राज्य सरकार के जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ आंदोलन आयोजित किया जा रहा है।

कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार ने आम जनता एवं किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालते हुए बिजली दरों में वृद्धि की है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं तथा कृषि विद्युत दरों में बढ़ोतरी से आमजन और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।

इसी के विरोध में 17 जून 2026, बुधवार को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित जिला विद्युत कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन एवं घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आंदोलन में 100 से 150 लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

कांग्रेस ने मांग की है कि बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए तथा आम जनता और किसानों को राहत प्रदान की जाए।

प्रदीप गुप्ता, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने कहा कि बढ़ी हुई बिजली दरों के खिलाफ कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगी और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ