कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौगई में हुए बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड को लेकर क्षत्रिय समाज कोरिया ने मुख्यमंत्री, गृह मंत्री एवं पुलिस महानिदेशक के नाम ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन कलेक्टर कोरिया के माध्यम से प्रेषित किया गया।ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम नौगई में हुई जघन्य घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मृत्यु हुई है तथा दो अन्य घायल का उपचार चल रहा है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय, आक्रोश और असंतोष का माहौल बना हुआ है। समाज ने कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।क्षत्रिय समाज ने शासन से मांग की है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही आरोपियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने, प्रकरण के गवाहों एवं पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मृतकों के बच्चों की शिक्षा का खर्च शासन द्वारा वहन करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में घायलों के समुचित उपचार का खर्च राज्य शासन द्वारा उठाने, मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा जांच को प्रभावित करने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।
इसके अलावा समाज ने आरोप लगाया है कि कुछ पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए। ज्ञापन में संबंधित अधिकारियों के स्थानांतरण एवं निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों को संरक्षण देने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की गई है।
क्षत्रिय समाज ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समाज व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

0 टिप्पणियाँ