मनरेगा कार्य में अनियमितता का आरोप, ग्रामीण ने कलेक्टर से की जांच की मांग


विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस 

कोरिया जिले के ग्राम पंचायत पौंडी में मनरेगा के तहत संचालित तालाब गहरीकरण एवं पचरी निर्माण कार्य में अनियमितता और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का आरोप सामने आया है। गांव के निवासी विजेंद्रदास माणिकपुरी ने कलेक्टर कोरिया को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


शिकायत में कहा गया है कि पुराने तालाब में चल रहे गहरीकरण एवं पचरी निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। निर्माण कार्य में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किए जाने और कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं कराई गई तो शासकीय राशि के दुरुपयोग के साथ-साथ निर्माण कार्य के जल्द क्षतिग्रस्त होने की संभावना है।

ग्रामीण ने कलेक्टर से मांग की है कि सक्षम तकनीकी अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कराकर मामले की जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और निर्माण एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराए जाने की भी मांग की गई है।

फिलहाल शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई और जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ