विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
रायपुर जिले के ग्राम नकटी में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए 85 परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने शुक्रवार को बैकुंठपुर के कुमार चौक में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों के तत्काल पुनर्वास एवं न्याय की मांग करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि बरसात के मौसम में गरीब परिवारों को बिना समुचित पुनर्वास के बेघर करना अमानवीय और जनविरोधी कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। कांग्रेस पार्टी ग्राम नकटी के प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय, उचित पुनर्वास तथा सम्मानजनक जीवन दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की तत्काल व्यवस्था की जाए तथा उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ