सामान्य सभा की बैठक से पहले नगर पालिका में गहमागहमी, 9 पार्षद धरने पर बैठे


बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर की सामान्य सभा की बैठक से पहले गुरुवार को नगर पालिका परिसर में उस समय गहमागहमी की स्थिति बन गई, जब उपाध्यक्ष आशीष यादव समेत 9 विपक्षी पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। विरोध कर रहे पार्षद सीएमओ चेंबर के सामने जमीन पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।

विरोध कर रहे पार्षदों का कहना था कि सामान्य सभा की बैठक से पहले उनके द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों पर स्पष्ट चर्चा और आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए। मामले की जानकारी मिलने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने पार्षदों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष नमिता शिवहरे भी मौके पर पहुंचीं और पार्षदों से चर्चा की।

वार्ड पार्षद संजय जायसवाल ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में पार्षदों की सहमति और सम्मान का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले 21 सितंबर को सामान्य सभा की बैठक निर्धारित की गई थी, लेकिन 20 सितंबर को बैठक निरस्त कर दी गई। इसके बाद फोन के माध्यम से 24 सितंबर को बैठक आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से नियमों के अनुसार कार्य करने की मांग की।

वहीं, नगर पालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव ने नगर पालिका में वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाते हुए कहा कि परिषद की बैठकों में कई एजेंडे पास होने के बाद भी उनका अपेक्षित क्रियान्वयन नहीं किया जाता। उन्होंने दुकान बिक्री से प्राप्त राशि को निधि और निकाय के खातों में निर्धारित अनुपात में जमा किए जाने के निर्णय का पालन नहीं होने का आरोप लगाया। इसके अलावा गैस पाइपलाइन के लिए मिली करीब 2 करोड़ 79 लाख रुपये की राशि के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए।

इधर, नगर पालिका अध्यक्ष नमिता शिवहरे ने पार्षदों के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि 13 सितंबर को ही पत्र के माध्यम से 21 सितंबर को सामान्य सभा की बैठक आयोजित करने की सूचना दी गई थी। अध्यक्ष के अनुसार, 19 सितंबर को उपाध्यक्ष आशीष यादव ने फोन कर बाहर जाने की बात कहते हुए बैठक आगे बढ़ाने का आग्रह किया था। इसके बाद 24 सितंबर को बैठक आयोजित करने की बात तय हुई थी और इसकी सूचना पहले ही दी जा चुकी थी।

बैठक के बहिष्कार और लगाए गए आरोपों को लेकर नगर पालिका परिसर में काफी देर तक स्थिति बनी रही। दोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क सामने रखे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ