पतरापाली के रोहन और सौरभ का राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के लिए चयन



विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

अंबिकापुर में 22 सितंबर 2026 को आयोजित संभाग स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता (अंडर-14) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरिया जिले के पतरापाली गांव के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों रोहन यादव और सौरभ पैकरा का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से गांव, विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान रोहन यादव और सौरभ पैकरा ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। उनकी शानदार सर्विस, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन टीम वर्क ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। खेल के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने अनुशासन और टीम भावना का भी परिचय दिया, जिसके आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

रोहन और सौरभ के माता-पिता ने बताया कि दोनों बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी शुरू से रुचि रही है। परिवार ने उनकी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हर कदम पर उनका साथ दिया। राज्य स्तर पर चयन को उन्होंने पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।

पतरापाली जैसे छोटे से गांव से दो खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना कोरिया जिले के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

खेल प्रशिक्षक मुस्कान सिंह पैकरा ने खिलाड़ियों की सफलता पर कहा, “बच्चों की मेहनत, लगन और अनुशासन ही उनकी सफलता की असली ताकत है।”


 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ