कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत तर्रा बसेर गांव के जंगल में बुधवार को बकरी चराने गई एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में करीब 55 वर्षीय बसंती बाई घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला बकरी चरा रही थी, तभी भालू ने उस पर हमला कर दिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए भालू से संघर्ष किया, जिसके बाद भालू मौके से भाग गया। आसपास मौजूद मवेशी चरा रहे लोगों ने घायल महिला को संभाला और परिजनों को घटना की सूचना दी।
परिजनों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। करीब 4:30 बजे एंबुलेंस पहुंची, जिसके बाद घायल बसंती बाई को जिला अस्पताल बैकुंठपुर लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

0 टिप्पणियाँ