बड़गांव में नवीन धान खरीदी केंद्र को मिली मंजूरी, किसानों में हर्ष


 बैकुंठपुर। लंबे समय से बड़गांव में नवीन धान खरीदी केंद्र खोले जाने की मांग अब पूरी होने जा रही है। प्रशासन द्वारा जारी सूची में बड़गांव धान समिति केंद्र में आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी केंद्र संचालित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के किसानों में हर्ष का माहौल है।

इस धान खरीदी केंद्र में क्षेत्र की आठ ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इनमें मूड़ीझरिया, जामपानी, डूभापानी, मोदीपारा, बड़गांव, पतरापाली, नरकेली और मंडलपारा शामिल हैं। इन ग्राम पंचायतों के किसानों को अब बड़गांव स्थित नवीन धान खरीदी केंद्र में अपना धान विक्रय करने की सुविधा मिलेगी।

गौरतलब है कि इससे पहले इन ग्राम पंचायतों के किसानों को धान बेचने के लिए जामपारा धान खरीदी केंद्र जाना पड़ता था। अधिक दूरी होने के कारण किसानों को धान परिवहन के साथ-साथ टोकन नंबर प्राप्त करने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई किसानों के लिए धान को दूर स्थित खरीदी केंद्र तक ले जाना अतिरिक्त समय और खर्च का कारण बनता था।बड़गांव में नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को अपने गांव के नजदीक धान बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे धान के परिवहन में होने वाली परेशानी और खर्च कम होने के साथ ही टोकन प्रक्रिया में भी किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। नवीन केंद्र की स्वीकृति को क्षेत्र के किसानों ने लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ