विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर में वार्ड पार्षदों की सीटों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। एक ओर जहां कई नए दावेदार पार्षद पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करते नजर आ रहे हैं, वहीं वर्तमान पार्षद भी अपने-अपने वार्डों में सक्रिय दिखाई देने लगे हैं।
बीते तीन दिनों से नगर के विभिन्न वार्डों में महीनों से बंद या खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने और नई लाइट लगवाने को लेकर पार्षदों की सक्रियता अचानक बढ़ गई है। पार्षद नगर पालिका के संबंधित कर्मचारियों से अपने-अपने वार्डों की खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग करते नजर आ रहे हैं।
नगर निकाय चुनाव को लेकर दिसंबर माह में संभावित चुनाव की चर्चाओं के बीच पार्षदों की यह सक्रियता नगरवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। माना जा रहा है कि वर्तमान पार्षद चुनाव से पहले अपने-अपने वार्डों की व्यवस्थाओं को बेहतर दिखाने की कोशिश में जुटे हैं। वहीं, स्ट्रीट लाइटों को लेकर लगातार बढ़ रही मांग के कारण नगर पालिका के प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों पर भी अतिरिक्त काम का दबाव बढ़ गया है।
इधर, नगरवासियों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि जिन स्ट्रीट लाइटों की खराबी लंबे समय से बनी हुई थी, उन्हें दुरुस्त कराने की कवायद अब चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही क्यों तेज हुई? लोगों का कहना है कि यदि वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर इसी तरह नियमित रूप से ध्यान दिया जाता तो कई इलाकों को लंबे समय तक खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।
अब देखना होगा कि चुनाव से पहले वार्डों में रोशनी की यह कवायद कितने समय तक जारी रहती है और क्या चुनाव के बाद भी पार्षद एवं नगर पालिका प्रशासन स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर इसी तरह सक्रियता बनाए रखते हैं।

0 टिप्पणियाँ