जवाहर नवोदय विद्यालय में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती।



बैकुंठपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय, बैकुंठपुर, जिला कोरिया में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।

इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी श्री उमेश चन्द्र के मार्गदर्शन में विद्यालय से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से निकटवर्ती ग्राम केनापारा के ग्रामीणों को महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश से अवगत कराया गया। इसमें एनसीसी कैडेट्स के साथ अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की।

विद्यालय में आयोजित अन्य कार्यक्रमों के अंतर्गत कक्षा छठवीं के विद्यार्थियों ने ‘मैं स्वतंत्रता सेनानी’ विषय पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा कविता लेखन, निबंध लेखन, स्लोगन लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने महात्मा गांधी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ