विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
कोरिया जिले में लगातार हो रही दुर्घटना और दुर्घटना में हो रही अकाल मौत के साथ साथ जिले में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद सड़क पर स्टंट करने वाले युवकों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। खासकर शहर के बाईपास रोड पर आए दिन नवयुवक खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, एक पहिए पर बाइक चलाना, झुंड में रेस लगाना जैसे करतब आम होते जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ गई है। यातायात विभाग द्वारा समय-समय पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है, वाहनों को जब्त भी किया जा रहा है, इसके बावजूद स्टंटबाजों पर कोई खास असर नहीं पड़ रहा है। लापरवाही का ही परिणाम है कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इन दुर्घटनाओं में कई लोग घायल हो चुके हैं, वहीं कुछ मामलों में जान भी जा चुकी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बाईपास रोड स्टंट करने वालों का अड्डा बन चुका है। शाम ढलते ही यहां युवकों का जमावड़ा लग जाता है और खुलेआम खतरनाक स्टंट किए जाते हैं। इस संबंध में पुलिस विभाग को कई बार जानकारी भी दी गई है कि बाईपास क्षेत्र में स्टंट मैन सक्रिय हैं, लेकिन मौके पर नियमित और सख्त कार्रवाई न होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। नागरिकों ने मांग की है कि बाईपास रोड पर विशेष निगरानी रखी जाए, नियमित पेट्रोलिंग हो तथा स्टंट करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क पर चलने वाले आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और बढ़ती दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

0 टिप्पणियाँ