विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण इलाकों में इन दिनों चोरी की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। लगभग प्रतिदिन किसी न किसी गांव से चोरी की सूचना सामने आ रही है, जिससे क्षेत्रवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
नरसिंहपुर ग्राम में अज्ञात चोरों द्वारा एक ट्रैक्टर की बैटरी सहित 12 बोरी धान चोरी किए जाने का मामला सामने आया था। वहीं नरकेली ग्राम में पंप चोरी की घटना ने भी लोगों को चिंतित कर दिया है। इसी क्रम में 19 जनवरी की रात बड़गांव निवासी सुरेश साहू के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकद राशि के साथ कुछ सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
ठीक इसके अगले दिन, 20 जनवरी की रात बड़गांव पंचायत से लगे पतरा पाली ग्राम पंचायत में अज्ञात चोरों द्वारा विजय बहादुर यादव और भुनेश्वर प्रजापति के घर के समीप लगे निजी सबमर्सिबल पंप चोरी कर लिए गए।
चिंताजनक बात यह है कि कई मामलों में पुलिस द्वारा मौके का मुआयना तक नहीं किया गया, जिससे चोरों के हौसले और अधिक बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में चोरी की घटनाओं पर रोक लग पाना मुश्किल होगा।

0 टिप्पणियाँ