विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हालिया कोरिया दौरे के महज पांच दिन बाद ही जिले में अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। दौरे के दौरान जिस शहर को चकाचौंध रोशनी और विशेष साफ-सफाई के साथ सजाया गया था, वहीं अब व्यवस्थाओं में ढिलाई साफ नजर आने लगी है।
शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री आगमन के लिए लगाए गए विशेष प्रकाश व्यवस्था के अधिकांश इंतजाम भी अब हटाए जा चुके हैं या बंद पड़े हैं, जिससे प्रशासनिक तैयारियों की अस्थायी प्रकृति उजागर हो रही है।
इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री द्वारा किए गए लोकार्पण और शिलान्यास से संबंधित एक कार्य योजना की पट्टिका कचरे के ढेर में पड़ी मिली, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है। इस घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है।
वहीं, सोनहत विकासखंड के लिए प्रदान की गई कचरा संग्रहण ई-रिक्शा कटगोड़ी घाट पहुंचते ही खराब हो गई और पिछले पांच दिनों से रास्ते में ही खड़ी है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता अभियान की गति प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि योजनाओं के क्रियान्वयन में इसी प्रकार की अनदेखी होती रही तो सरकारी घोषणाओं का अपेक्षित लाभ आमजन तक नहीं पहुंच पाएगा।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इन अव्यवस्थाओं पर कितनी शीघ्रता से संज्ञान लेकर सुधारात्मक कदम उठाता है।



0 टिप्पणियाँ