विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी हिमालय रवि ने छत्तीसगढ़ सिविल जज परीक्षा उत्तीर्ण कर न्यायिक सेवा में स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से न केवल परिवार बल्कि अधिवक्ता समुदाय और पूरे शहर में हर्ष की लहर है। वर्ष 2024 की सिविल जज भर्ती प्रक्रिया में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
हिमालय रवि, कोरिया जिला अधिवक्ता संघ बैकुंठपुर के सदस्य अधिवक्ता एल. आर. रवि के ज्येष्ठ सुपुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा Carmel School Bishrampur में कक्षा पहली से दसवीं तक हुई। इसके बाद उन्होंने उच्च माध्यमिक शिक्षा Kalyani School Amarkantak से पूरी की। विद्यार्थी जीवन से ही वे मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे। कॉमन लॉ टेस्ट में सफलता के उपरांत उनका चयन रायपुर स्थित विधि विश्वविद्यालय में हुआ, जहां से उन्होंने विधि की पढ़ाई पूरी की।
न्यायिक सेवा में चयन के लिए उन्होंने निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी की। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने सिविल जज परीक्षा के सभी चरण सफलतापूर्वक पार कर यह मुकाम हासिल किया।
हिमालय रवि के पिता अधिवक्ता हैं तथा माता शासकीय सेवा में पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत हैं। पुत्र की उपलब्धि से परिवार गौरवान्वित है। अधिवक्ता संघ एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि वे न्यायिक सेवा में निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

0 टिप्पणियाँ