आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासकीय कर्मचारी का दर्जा देने की मांग

 


विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस 

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। संघ की ओर से जारी मांगपत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की प्रमुख मांग उठाई गई है।

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि जिस प्रकार शिक्षा कर्मी, पंचायत कर्मी एवं अन्य वर्गों को समय-समय पर नियमित किया गया है, उसी प्रकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी नियमित किया जाना चाहिए।

मांगपत्र में न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग भी प्रमुख रूप से शामिल है। संघ का कहना है कि वर्तमान मानदेय अत्यंत कम है और कार्यकर्ताओं को बढ़ती महंगाई के अनुरूप वेतन एवं सभी सुविधाएं प्रदान की जानी चाहिए।

इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा के तहत नियमित पेंशन, ग्रेच्युटी, बीमा, सेवा निवृत्ति लाभ तथा मृत्यु पर आश्रित परिवार को अनुकंपा नियुक्ति जैसी सुविधाएं दिए जाने की मांग भी की गई है।

संघ ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से ये मांगें लंबित हैं और यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जा सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ