मुख्यमंत्री के दौरे से पहले नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर की नींद खुली, अवैध अतिक्रमण पर कार्यवाही तेज।

 

विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर अचानक सक्रिय हो गई है। नगर में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। हालांकि नगर पालिका की इस कार्यवाही को लेकर लोगों के बीच मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

बताया जा रहा है कि नगर पालिका की टीम द्वारा सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर लगी छोटी-छोटी गुमटियों और ठेलों को हटाया जा रहा है। इन गुमटियों के माध्यम से कई छोटे दुकानदार अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। कार्यवाही के दौरान ऐसे कई दुकानदारों को हटाया गया, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।



वहीं दूसरी ओर नगरवासियों का आरोप है कि नगर में बड़े और प्रभावशाली लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर नगर पालिका की कार्यवाही केवल औपचारिकता तक सीमित नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि रसूखदार व्यक्तियों को सिर्फ समझाइश देकर छोड़ दिया गया, जबकि छोटे व्यवसायियों पर सख्त कार्यवाही की गई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही निष्पक्ष और समान रूप से की जाए, ताकि किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव न हो। नगरवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन सख्ती दिखा रहा है तो वह सभी के लिए समान होनी चाहिए।

नगर पालिका परिषद के अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए नगर की यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के लिए यह कार्यवाही की जा रही है और आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ