बैकुंठपुर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई — सरकारी बंगले से हटाया गया अवैध कब्जा, पक्षपात के आरोप भी लगे




विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

बैकुंठपुर। शहर में सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम उमेश पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने एक सरकारी बंगले को खाली करवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
प्रशासन के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति को पहले कई बार नोटिस जारी कर आवास खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय सीमा के बावजूद मकान खाली नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बंगले को मुक्त कराया।
इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम तैनात रही, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
इधर, जिस व्यक्ति पर कब्जे का आरोप है, उन्होंने इस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि शहर में कई अन्य सरकारी आवासों पर भी इसी तरह के कब्जे हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया है।
साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकारी आवासों से जुड़ी निस्तार भूमि पर भी कई जगहों पर अतिक्रमण है, जिस पर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और अब लोगों की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।


 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ