विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर (कोरिया): कोरिया जिले के बैकुंठपुर तहसील अंतर्गत ग्राम सारा निवासी ठेका मजदूर तीरथ की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत ने एक बार फिर श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना करीब 8 दिन पहले बिजली विभाग के गेज स्थित पावर हाउस में हुई, जहां तीरथ विद्युत कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वे नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। गुरुवार सुबह जब उनका शव गांव पहुंचा, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
मृतक के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। तीरथ अपने पीछे चार छोटे बच्चों और परिवार को छोड़ गए हैं, जिनके सामने अब आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ