विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को किसान कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान कांग्रेस के संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम में किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विमलेश तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि किसान आज बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल की ऊंची कीमतों, खाद एवं उर्वरकों की कमी तथा बिजली दरों में वृद्धि जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि डिब्बों में डीजल देने पर लगाए गए प्रतिबंध से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि किसानों को समय पर खाद, उर्वरक, बिजली और डीजल उपलब्ध नहीं होगा तो खेती प्रभावित होगी और इसका असर अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष विमलेश तिवारी ने किसान कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने और सदस्यता अभियान को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता गांवों तक पहुंचकर किसानों को संगठन से जोड़ें और उनकी आवाज को मजबूती से उठाएं। साथ ही उन्होंने किसानों की मांगों को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय घेराव कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस किसानों के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जल्द ही जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी तिथि और समय शीघ्र घोषित किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ