स्वच्छता अभियान की उड़ाई जा रही धज्जियां, बैकुंठपुर के एसएलआरएम सेंटर में नियमों की अनदेखी । कचरे में लगाई जा रही आग, प्रदूषण बढ़ा—मवेशियों और नदी पर भी खतरा

 

विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

नगर पालिका बैकुंठपुर के तलवापारा स्थित एसएलआरएम (SLRM) सेंटर कचरा डंपिंग यार्ड में स्वच्छता नियमों की खुलेआम अनदेखी सामने आई है। यहां शहर से आने वाले कचरे को नियमों के विरुद्ध जलाया जा रहा है, जिससे न केवल प्रदूषण फैल रहा है, बल्कि आसपास के पर्यावरण और जीव-जंतुओं के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

जानकारी के अनुसार, एसएलआरएम सेंटर के भीतर लाखों रुपये की आधुनिक मशीनें स्थापित हैं और कचरे की छंटाई के लिए दर्जनों महिला एवं पुरुष कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इसके बावजूद कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान करने के बजाय उसे आग के हवाले किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरा जलाने से निकलने वाला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल रहा है, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। वहीं, आसपास चरने वाले मवेशियों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। जलते हुए प्लास्टिक और पन्नी उनके खुरों में चिपककर उन्हें घायल कर रहे हैं।सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि डंपिंग यार्ड के समीप बहने वाली गेज नदी भी इस कचरे की चपेट में आ रही है। कचरे का एक बड़ा हिस्सा नदी में समा रहा है, जिससे जल प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है और पर्यावरण संतुलन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द इस व्यवस्था में सुधार कर कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को सुनिश्चित किया जाए, ताकि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की रक्षा हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ