विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर, कोरिया। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बैकुंठपुर शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। बढ़ते तापमान और बिजली की खपत में अचानक आई तेजी के कारण विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शहर में वर्तमान में तीन फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है। पहले जहां गर्मियों के दौरान एक फीडर पर औसतन 90 से 100 एम्पियर तक लोड रहता था, वहीं इस वर्ष बढ़ती गर्मी और एसी, कूलर सहित अन्य विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग के चलते यह लोड बढ़कर 150 से 190 एम्पियर तक पहुंच गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश उपभोक्ताओं ने बिजली कनेक्शन लेते समय 1 से 2 किलोवाट तक की आवश्यकता दर्ज कराई थी और उसी आधार पर ट्रांसफार्मर एवं विद्युत आपूर्ति तंत्र विकसित किया गया था। लेकिन वर्तमान में कई स्थानों पर स्वीकृत क्षमता से अधिक बिजली उपयोग होने से सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है। इसके चलते ओवरलोड की स्थिति उत्पन्न हो रही है और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।
विभाग का कहना है कि इन दिनों तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। जहां लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रह रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग के लाइनमैन, अधिकारी और कर्मचारी तेज धूप में लगातार फील्ड पर काम कर रहे हैं। कर्मचारी गर्म लोहे के खंभों पर चढ़कर खराबी दूर करने और जल्द बिजली बहाल करने में जुटे हुए हैं।
बिजली विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए अनावश्यक बिजली उपकरण बंद रखने, एसी और भारी विद्युत उपकरण जरूरत होने पर ही चलाने तथा बिजली आने के बाद अचानक अधिक लोड नहीं लेने की सलाह दी है। साथ ही जिन उपभोक्ताओं की बिजली आवश्यकता बढ़ गई है, उन्हें अपने कनेक्शन की स्वीकृत लोड क्षमता बढ़वाने के लिए भी कहा गया है।
विभागीय अधिकारियों का मानना है कि उपभोक्ताओं के सहयोग और जिम्मेदारीपूर्ण बिजली उपयोग से गर्मी के इस मौसम में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को अधिक स्थिर बनाया जा सकता है।



0 टिप्पणियाँ