विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
कोरबा जिले में रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी विनोद अग्रवाल को निलंबित कर दिया है। मामला पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के पसान तहसील अंतर्गत पिपरिया हल्के का है, जहां किसान से वन पट्टा ऑनलाइन करने और फौती नामांतरण के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। किसान ने रिश्वत देते समय वीडियो बना लिया, जिसमें पटवारी नोट गिनते दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।इधर, कोरिया जिले में भी राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों और किसानों का आरोप है कि सीमांकन, बंटवारा, फौती नामांतरण और किसान किताब जैसे सामान्य कार्यों के लिए महीनों तक तहसील और पटवारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई लोगों का कहना है कि बिना पैसे दिए काम समय पर नहीं हो रहा है।जनदर्शन में भी बड़ी संख्या में राजस्व संबंधी शिकायतें पहुंच रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सीमांकन और किसान किताब जैसे मामलों में अनावश्यक देरी की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आम किसानों और ग्रामीणों की परेशानियां लगातार बढ़ती रहेंगी

0 टिप्पणियाँ