बैकुंठपुर नगरपालिका की लापरवाही, कचरा खाकर बीमार हो रहे मवेशी

 

विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

बैकुंठपुर। शहरों में अक्सर गाय-बैल सड़कों पर कचरा खाते दिखाई देते हैं, लेकिन बैकुंठपुर नगरपालिका की लापरवाही का एक गंभीर मामला तलवापारा स्थित एसएलआरएम सेंटर के पास सामने आया है। गेज नदी किनारे बने कचरा डंपिंग सेंटर में नगर पालिका के सभी वार्डों का कचरा लाकर डंप किया जाता है, लेकिन यहां सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

डंपिंग सेंटर के चारों ओर सुरक्षा घेरा नहीं होने के कारण आसपास के गांवों के गाय-बैल खुलेआम यहां पहुंचकर सड़ा-गला कचरा खा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार दूषित कचरा खाने से कई मवेशी फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो चुके हैं और कुछ की मौत तक हो चुकी है। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन इस गंभीर समस्या से बेखबर नजर आ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि केवल कागजों में व्यवस्था दिखाने के लिए यहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि मौके पर अधिकांश समय कर्मचारी नदारद रहते हैं। कचरा प्रबंधन की अनदेखी और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव के कारण स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नगर पालिका ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। स्थानीय नागरिकों ने डंपिंग सेंटर के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाने, नियमित निगरानी और मवेशियों को वहां जाने से रोकने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ