बैकुंठपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार 09 मई 2026 को जिला न्यायालय बैकुंठपुर में वर्ष 2026 की दूसरी नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री योगेश पारीक के नेतृत्व में आयोजित लोक अदालत के लिए सिविल न्यायालय बैकुंठपुर एवं मनेन्द्रगढ़ हेतु 14 खंडपीठों का गठन किया गया था।
लोक अदालत में न्यायालय में लंबित कुल 3577 प्रकरणों को राजीनामा हेतु रखा गया, जिनमें से 3159 प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया गया। इन प्रकरणों में कुल 52 लाख 77 हजार 410 रुपये की राशि का सेटलमेंट किया गया।
वहीं राजस्व न्यायालयों में कलेक्टर, एसडीएम एवं तहसीलदार स्तर पर कुल 20 खंडपीठों का गठन किया गया। राजस्व न्यायालय बैकुंठपुर एवं जिला एमसीबी में कुल 15356 राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया।
इसके अलावा बैंक, नगर पालिका, टेलीफोन एवं राजस्व विभाग के कुल 18379 प्रीलिटिगेशन प्रकरण लोक अदालत में रखे गए, जिनमें से 15389 प्रकरणों का निराकरण किया गया।
इस प्रकार जिला बैकुंठपुर-कोरिया एवं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) में कुल 21956 प्रकरण लोक अदालत में रखे गए, जिनमें से 18548 प्रकरणों का सफल निराकरण किया गया। साथ ही कुल 75 लाख 03 हजार 821 रुपये की राशि का सेटलमेंट राजीनामा के माध्यम से किया गया।



0 टिप्पणियाँ