संभागीय आबकारी उड़नदस्ता, सरगुजा ने जिला कोरिया में अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान 21 लीटर महुआ शराब तथा लगभग 250 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम मदिरा दुकान चरचा के निरीक्षण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चरचा के पंडोपारा निवासी दिलमोहन तिर्की अपने घर में अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर बिक्री करता है। सूचना की पुष्टि के लिए पहले आरोपी के घर से 100 रुपये में एक लीटर महुआ शराब की खरीदी कराई गई।
सूचना सत्य पाए जाने पर आबकारी टीम ने दिलमोहन तिर्की के घर पर छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान एक कमरे में अवैध शराब निर्माण का पूरा इंतजाम मिला। मौके पर लगभग 14 प्लास्टिक डिब्बों में करीब 250 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 20 लीटर महुआ शराब रखी हुई पाई गई। टीम ने महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कराया तथा कुल 21 लीटर महुआ शराब जब्त की।
आबकारी विभाग ने आरोपी दिलमोहन तिर्की के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


0 टिप्पणियाँ