विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खदौरा के खदौरा बाजार में शासकीय भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को लगभग 200 ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और बाजार की भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि खदौरा बाजार की सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर बाहरी व्यक्तियों द्वारा लगातार कब्जा किया जा रहा है, जिससे बाजार का स्वरूप प्रभावित हो रहा है तथा आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि उक्त भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित है और इस संबंध में ग्राम सभा द्वारा प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्रशासन से बाजार भूमि का सीमांकन कराने तथा अवैध कब्जों को तत्काल हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भविष्य में बाजार क्षेत्र पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

0 टिप्पणियाँ