नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर क्षेत्र में बरसात का मौसम शुरू होते ही मुख्य सड़कों पर घुमंतू मवेशियों का जमावड़ा फिर से देखने को मिल रहा है। शहर की प्रमुख सड़कों पर दिन और रात बड़ी संख्या में मवेशियों के बैठे रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना का लाभ धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। योजना का उद्देश्य निराश्रित एवं घुमंतू मवेशियों को सुरक्षित गौधामों में रखकर सड़कों को दुर्घटनामुक्त बनाना था, लेकिन बैकुंठपुर नगर क्षेत्र में स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है।आरोप है कि नगर पालिका परिषद द्वारा अब तक घुमंतू मवेशियों को मुख्य मार्गों से हटाने अथवा उनके समुचित रखरखाव के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है। परिणामस्वरूप शहर की मुख्य सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा बना हुआ है, जिससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
शहरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि घुमंतू मवेशियों को तत्काल गौधाम या सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिले और संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


0 टिप्पणियाँ