जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की एसीबी एवं ईओडब्ल्यू द्वारा की गई गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार केंद्रीय एवं राज्य की जांच एजेंसियों का उपयोग विपक्षी नेताओं को प्रताड़ित करने और उनकी छवि धूमिल करने के लिए कर रही है। उनका आरोप है कि विधानसभा चुनाव के समय से ही ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का राजनीतिक उद्देश्य से इस्तेमाल किया जाता रहा है तथा अब ईओडब्ल्यू और एसीबी के माध्यम से कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों में केंद्रीय एजेंसियां कोई ठोस तथ्य सामने नहीं ला सकीं, उन्हीं मामलों में अब राज्य की जांच एजेंसियों के जरिए कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक द्वेष की भावना से प्रेरित है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस प्रकार की कार्रवाई से डरने वाली नहीं है और लोकतंत्र, संविधान तथा जनहित की रक्षा के लिए अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ