विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर में निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। पार्टी से टिकट मिलने से पहले ही अध्यक्ष पद के स्वघोषित दावेदारों ने प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। कोई ऑटो में पोस्टर लगवाकर प्रचार कर रहा है, तो कोई संकल्प पत्र और घोषणा पत्र के जरिए मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने में जुटा है।
इन तैयारियों के बीच संभावित प्रत्याशियों को भीतरघात की आशंका भी सताने लगी है। कांग्रेस हो या भाजपा, कोरिया जिले की राजनीति में चुनाव के दौरान पार्टी के भीतर असंतोष और भीतरघात के आरोप पहले भी सामने आते रहे हैं। पिछले नगर पालिका, विधानसभा और लोकसभा चुनावों के बाद भी हारने वाले प्रत्याशियों की ओर से संगठन के कुछ पदाधिकारियों पर ऐसे आरोप लगाए जाने की चर्चाएं रही हैं।ऐसे में इस बार भी दावेदारों के सामने पार्टी से टिकट हासिल करने के साथ संगठन के भीतर तालमेल बनाए रखने की चुनौती है। अब देखना होगा कि टिकट वितरण के बाद दोनों प्रमुख दल अपने दावेदारों को एकजुट रखने में कितने सफल होते हैं और चुनावी मैदान में किसे पार्टी का आधिकारिक चेहरा बनाया जाता है।

0 टिप्पणियाँ